उत्तराखण्ड में कहीं हल्की बारिश तो कहीं धूप निकली
देहरादून, 17 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को कुछ जगह हल्की बारिश हुई तो मैदानी इलाकों में कुछ जगह धूप निकली। ऊंचाई वाले इलाकों में हालांकि बुधवार देर रात तकबर्फबारी होती रही।
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. शर्मा ने बताया कि पिछले रविवार से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ था जो बुधवार देर रात तक जारी रहा। उन्होंने बताया कि मसूरी, नैनीताल, धनौल्टी और काणाताल आदि पर्यटक स्थलों में बुधवार देर रात तक जमकर बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटक एक बार फिर से यहां का रुख करने लगे हैं।
शर्मा ने बताया कि उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, पौड़ी आदि पहाड़ी जनपदों में भी बुधवार रात बर्फबारी हुई जिस कारण इन इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और छिटपुट बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है।
शर्मा के मुताबिक गुरुवार को देहरादून में न्यूनतम तापमान 6.8, टिहरी में 1.6, मुक्तेश्वर में माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications