मुबारक के परिवार का लंदन बना बसेरा!
समाचार पत्र 'द लंदन इवनिंग स्टैंडर्ड' के मुताबिक सत्ता से बेदखल मुबारक की पोती का जन्म पिछले वर्ष लंदन के एक निजी अस्पताल में हुआ था। हाल ही में दावे किए गए कि मुबारक के पुत्र जमाल (47) लंदन में अब नहीं रहते हैं।
समाचार पत्र के अनुसार रिजेंट पार्क के समीप एक निजी अस्पताल पोर्टलैंड अस्पताल में पिछले वर्ष के मार्च महीने में फरीदा का जन्म हुआ। अस्पताल के 'डिलक्स सुइट' के लिए जमाल ने 10 हजार पाउंड से अधिक का भुगतान किया।
लड़की के जन्म प्रमाणपत्र के मुताबिक फरीदा जमाल हुस्नी मुबारक का जन्म 209 ग्रेट पोर्टलैंड स्ट्रीट में हुआ। उसके पिता जमाल और माता खादिगा नाइटब्रिज के विल्टन पैलेस में रहते हैं।
मिस्र में हुए जनांदोलन के समय अफवाहें उड़ीं कि जमाल अपने परिवार के साथ मिस्र से भागकर लंदन आ गए हैं और उन्होंने कथित रूप से अपने लंदन स्थित घर के रखवाले को यह कहने के लिए निर्देश दिया कि उन्होंने इस घर को बेच दिया है।
जमाल के पारिवारिक मित्रों का कहना है कि उनकी पत्नी खादिगा अब अपनी पुत्री के साथ लंदन के एक दूसरे गोपनीय स्थान पर रहती है।
उल्लेखनीय है कि जमाल के पास ब्रिटेन का पासपोर्ट है और वह वर्ष 1990 में बैंक ऑफ अमेरिका के लंदन कार्यालय में काम कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications