पाकिस्तान के रावलपिंडी में विस्फोटकों का जखीरा बरामद
डॉन टीवी के अनुसार पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुरीर चौक क्षेत्र से विस्फोटकों से भरे दो कार्टन बरामद किए। मुरीर चौक रावलपिंडी के व्यस्ततम इलाकों में से एक है। यहां सेना के आपूर्ति कक्ष, कार्यालय, शॉपिंग सेंटर और बस स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण इमारतें हैं। रोजाना सैकड़ों लोग इधर से गुजरते हैं।
नाम न जाहिर करने की शर्त पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक यह नहीं मालूम हो पाया है कि विस्फोटकों की संख्या कितनी थी। न ही यह पता चल पाया है कि इनकी तीव्रता क्या थी और अगर यह फट जाता तो कितना नुकसान हो सकता था। विस्फोटकों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है। संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि पांच साल पहले जब से पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान से सटे उत्तर-पश्चिमी कबायली इलाकों में आतंकवाद के खिलाफ अभियान छेड़ा है, वह आतंकवादियों के निशाने पर है। रावलपिंडी में हुए आत्मघाती हमलों में अब तक कई लोग जान गंवा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications