उड़ीसा में नक्सलियों ने जिलाधिकारी का अपहरण किया
भुवनेश्वर। उड़ीसा के मलकानगिरी जिले के जिलाधिकारी का नक्सलियों द्वारा अपहरण किए जाने की गुरुवार को पुष्टि कर दी गई। नक्सलियों ने उनकी रिहाई के लिए दो शर्ते रखी हैं। वह बुधवार से लापता थे।प्रदेश में नक्सलियों ने पहली बार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) स्तर के किसी अधिकारी का अपहरण किया है।
बुधवार को रात तक जिलाधिकारी आर. वेनेल कृष्णा के मुख्यालय वापस नहीं पहुंचने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। कृष्णा कुछ अन्य अधिकारियों के साथ बुधवार सुबह चित्रकोंडा इलाके में जनसंपर्क बैठकों में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए थे।
प्रदेश के खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सूचना मिली है कि नक्सलियों ने कृष्णा और एक अन्य अधिकारी का अपहरण किया है।उन्होंने कहा कि अपहरण के समय कृष्णा के साथ मौजूद एक अन्य अधिकारी जिला मुख्यालय लौट आए हैं। नक्सलियों ने इस अधिकारी को एक नोट दिया है, जिसमें सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। जिलाधिकारी की रिहाई के लिए दो शर्ते रखी गई हैं।
इन शर्तो में इलाके में नक्सल विरोधी अभियान रोकने और अब तक गिरफ्तार किए गए सभी नक्सलियों को रिहा करने की मांग शामिल है।
कृष्णा आंध्रप्रदेश के हैदराबाद के उपनगर चंदानगर के निवासी है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास से स्नातक उपाधि प्राप्त करने के बाद अगस्त 2005 में वह भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए थे। 16 महीने पहले उन्हें मलकानगिरी का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications