आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से माफी मांगी
हैदराबाद, 17 फरवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने विधानसभा में हुए हंगामे के लिए गुरुवार को राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन से माफी मांगी है। विधानसभा के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र में सदस्यों ने राज्यपाल के भाषण की प्रतियां फाड़ दी थीं।
रेड्डी ने राज्य विधानसभा के इतिहास में इसे काला दिन बताते हुए संवाददाताओं से कहा कि सदन के अंदर और परिसर में जो घटनाएं हुईं वे शर्मनाक हैं।
उन्होंने कहा, "यह काला दिन था. हम शर्मिदा महसूस कर रहे हैं. और सभी की ओर से राज्यपाल से माफी मांगते हैं।"
रेड्डी ने नरसिम्हन से मुलाकात के लिए राजभवन पहुंचने से पहले मीडिया को सम्बोधित किया।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और अन्य पार्टियों के तेलंगाना क्षेत्र के विधायकों ने राज्यपाल को अपने सवालों से तंग कर उन्हें उनका भाषण संक्षेप में देने को मजबूर किया था।
उन्होंने उनके भाषण की प्रतियां फाड़ दीं और कागजों को उनकी ओर उछाला। टीआरएस के एक विधायक ने तो माइक तोड़ने और राज्यपाल के हाथों से कागज छीनने तक की कोशिश की।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में लोक सत्ता प्रमुख जयप्रकाश नारायण पर हुए हमले की भी निंदा की। रेड्डी ने कहा, "लोकतंत्र में हर किसी को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार और स्वतंत्रता है।"
जयप्रकाश ने विधानसभा में राज्यपाल के भाषण के दौरान विधायकों के व्यवहार की निंदा की थी, जिस पर टीआरएस के सदस्यों ने कथित तौर पर उनके साथ मार-पीट की।
रेड्डी ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष नान्देन्दला मनोहर मामले की समीक्षा के बाद उचित कार्रवाई करेंगे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications