भारत कहीं भी लोकतंत्र के उदय का स्वागत करेगा : प्रधानमंत्री
कतर के टीवी चैनल 'अल जजीरा' के एक प्रतिनिधि ने जब मिस्र और अन्य अरब देशों के घटनाक्रम के बारे में प्रधानमंत्री का विचार जानना चाहा तो सिंह ने कहा कि भारत किसी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहता, लेकिन किसी भी जगह होने वाले लोकतंत्र के उदय का वह स्वागत करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "यदि लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया की ओर आगे बढ़ना चाहते हैं तो उन्हें हमारी शुभकामनाएं।"
सिंह ने कहा कि खाड़ी या मध्य पूर्व के अन्य देशों में कुछ भी घटता है, तो वह भारत के लिए चिंता का विषय होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में 50 लाख भारतीय रहते हैं और यदि वहां शांति नहीं है, तो इसका भारत के उन महत्वपूर्ण समुदायों पर असर पड़ सकता है, जो पश्चिम एशियाई देशों के विकास के लिए काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने इस बात से इंकार किया कि जिस तरह के विरोध प्रदर्शन कुछ देशों में हो रहे हैं, उस तरह के विरोध प्रदर्शन भारत में भी हो सकते हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा, "भारत एक सक्रिय लोकतंत्र है।" उन्होंने कहा कि यहां प्रेस को आजादी है और लोग जिस रास्ते को चाहें, अपना सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications