ब्रायन के दिल्ली 'शो' की शीघ्र होगी घोषणा (लीड-3)
ब्रायन एडम्स के कार्यक्रम का आयोजन भारत में कराने वाले आयोजनकर्ता नई दिल्ली में अगली तिथि और समारोह स्थल के चुनाव पर योजना बना रहे हैं।
ज्ञात हो कि दिल्ली में मंगलवार को ब्रायन का कार्यक्रम होना था लेकिन पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने से इंकार कर दिया। जिसके चलते ब्रायन का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
आयोजनकर्ताओं के एक प्रवक्ता ने एसएमएस के जरिए बताया, "नेटसर्फ एंटरटेनमेंट ब्रायन के अगले कार्यक्रम के लिए तिथि और वैकल्पिक समारोह स्थल को लेकर अंतिम निर्णय कर रहा है क्योंकि लोगों की सुरक्षा प्रमुख है।"
दक्षिण दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी मैदान में मंगलवार शाम ब्रायन के संगीत समारोह का आयोजन होना था लेकिन अप्रत्याशित बारिश और टिकटों की अत्यधिक बिक्री से कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा।
ब्रायन को भारत लाने वाली कम्पनी नेटसर्फ एंटरटेनमेंट के सीईओ सुजीत जैन ने आईएएनएस से कहा, "हम बाद की किसी तारीख में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। पुणे, मुम्बई और बेंगलुरू में आयोजित कार्यक्रमों की सफलता और लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सोचा कि यहां भी समारोह स्थल के बाहर लोग जमा हो सकते हैं।"
उन्होंने बताया कि 6000 टिकट बेचने के बाद आयोजनकर्ताओं ने टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी थी।
जैन ने कहा कि ब्रायन दिल्ली में प्रस्तुति देने के लिए बहुत उत्साहित थे और वह नेपाल में अपनी प्रस्तुति देने के बाद यहां लौटने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम उनके वीजा व यात्रा विवरण पर काम कर रहे हैं। वह बहुत व्यस्त हैं क्योंकि उनके बांग्लादेश और नेपाल में एक के बाद एक दो संगीत समारोह हैं।"
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता रंजन भगत ने आईएएनएस को बताया, "कार्यक्रम आयोजकों को सुरक्षा कारणों से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं दिया है।"
ब्रायन ने ट्विटर के जरिए जानकारी दी है, "पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली संगीत समारोह रद्द कर दिया है।"
इससे पहले दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था, "हमने अनापत्ति प्रमाणपत्र रोक लिया है क्योंकि स्थानीय पुलिस से सूचना मिली है कि आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल की क्षमता से अधिक टिकटों की बिक्री की है। इसलिए कार्यक्रम का प्रबंध मुश्किल होगा।" ब्रायन इन दिनों भारत में पांच शहरों की संगीत यात्रा पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications