हाल में हुए सभी घोटालों की जेपीसी जांच हो : आडवाणी
कोलकाता, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन सहित हाल के दिनों में हुए सभी घोटालों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग की है। उन्होंने एक बार फिर डा. मनमोहन सिंह को देश का अब तक का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री करार दिया।
आडवाणी ने यहां एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा, "कुछ दिनों पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और लोकसभा में सदन के नेता प्रणब मुखर्जी की अन्य दलों के नेताओं के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक के बाद प्रणब ने जो कुछ भी कहा उससे लगता है कि सरकार 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच जेपीसी से कराने को तैयार है।"
उन्होंने कहा, "लेकिन राष्ट्रमंडल खेल घोटाले और आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाले का क्या होगा। 2जी स्पेक्ट्रम की सिर्फ जेपीसी जांच हुई तो सारा दोष द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पर थोप दिया जाएगा और कांग्रेस बच निकलेगी।"
आडवाणी ने कहा, "मैं इस रैली में कहना चाहता हूं कि जब विपक्ष जेपीसी जांच की मांग कर रहा है तो उसका मतलब है कि हाल के दिनों में हुए सभी घोटालों की जांच जेपीसी करे। बगैर इसके विपक्ष संतुष्ट नहीं होगा।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए आडवाणी ने एक बार फिर उन्हें इतिहास का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री बताया।
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर मुझे तरस आती है, गुस्सा नहीं आता है। मैंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों को देखा है लेकिन ऐसा कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा है।"
आडवाणी ने कहा, "प्रधानमंत्री को यदि कमजोर कहा जाता है तो कई लोगों को बहुत गुस्सा आता है। जेंटलमैन होना अच्छी बात है लेकिन यह जेंटलमैन यदि कमजोर है और प्रधानमंत्री बन जाए तो वह कितना भी बड़ा भ्रष्टाचार क्यों न हो, वह कुछ नहीं कर सकेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications