श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद, हिम स्खलन की चेतावनी
श्रीनगर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन, मंगलवार को भी बंद रहा। अधिकारियों ने कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में हिम स्खलन व भू-स्खलन की चेतावनी दी है।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया, "श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर आज (मंगलवार) भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। राजमार्ग पर कई स्थानों पर भू-स्खलन हुआ है और सड़कों को साफ किया जा रहा है।"
उन्होंने बताया, "दोनों ओर से यात्रा करने वाले लोगों को राजमार्ग की ताजा स्थिति जानने के लिए पहले परिवहन नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क करना चाहिए।"
आपदा प्रबंधन विभाग ने यहां जम्मू एवं कश्मीर के 2,500 मीटर की ऊंचाई पर बर्फ से ढके इलाकों में हिम स्खलन की चेतावनी जारी की है।
यहां आपदा प्रबंधन विभाग के प्रांतीय मुख्यालय के प्रभारी, आमिर अली ने बताया, "बनिहाल, किश्तवाड़, गुलमर्ग, पुलवामा, बारामूला, उरि, कुपवाड़ा, तंगधार, केरन, माचिल, गुरेज, बांदिपोरा, चौकीबल, गुगलडारा, सोनमार्ग, द्रास और करगिल क्षेत्रों में हिम स्खलन की चेतावनी जारी की गई है।"
इन इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों के अंदर ही बने रहने की सलाह दी गई है और उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि वे अपने घरों की छतों से बर्फ को लगातार हटाते रहें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications