बदरीनाथ के कपाट 9 मई को खुलेंगे
देहरादून। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक बदरीनाथ के कपाट 9 मई को प्रात: पांच बजकर तीन मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। महाराजा मनुजेंद शाह ने मंगलवार को नरेंद्र नगर स्थित राजमहल में इसकी घोषणा की।
ज्ञात हो कि वसंत पंचमी के पर्व पर प्राचीन परंपरा के अनुसार टिहरी जनपद स्थित नरेंद्र नगर राजमहल में कपाट खोलने की तिथि की घोषणा की जाती है। मंगलवार को सुबह 11 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग देखकर बदरीनाथ के कपाट को खोलने की तिथि 9 मई बताई। एक घंटे बाद महाराजा मनुजेंद्र शाह ने इस तिथि की विधिवत घोषणा की।
इसके अलावा गाडू घड़ा के लिए तिलों का तेल निकालने की तिथि 27 अप्रैल तय की गई। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुसूया प्रसाद भट्ट ने बताया कि बदरीनाथ के कपाट 9 मई को सुबह साढ़े पांच बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।तिथि की घोषणा के मौके पर महारानी राज्ये लक्ष्मी शाह, ठाकुर भवानी प्रताप शाह, डा .योगंबर बड़थ्वाल, हरीश डिमरी आदि मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications