सीबीआई कार्यालय परिसर में कट रही राजा की रातें
मंत्री रहते हुए दिल्ली के 'लुटियंस जोन' में एक आलीशान भवन में रहने वाले राजा के बारे में पूछे जाने पर सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बस इतना कहा, "केंद्र सरकार कार्यालय (सीजीओ) परिसर के खंड चार स्थित हमारे कार्यालय के प्रथम तल पर उन्हें रखा गया है।"
राजा की दिनचर्या और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में और ब्योरे देने की मांग करने पर प्रवक्ता ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "एक राष्ट्रीय जांच एजेंसी से क्या आपको इस तरह के सवाल पूछने चाहिए?"
प्रवक्ता ने कहा, "पहले आप उस कमरे के बारे में पूछेंगे जहां राजा को रखा जा रहा है उसके बाद आप पूछेंगे कि वह किस कुर्सी पर बैठे हैं?"
ज्ञात हो कि गत दो फरवरी को राजा की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ के बाद पत्रकारों ने देखा कि एक आदमी उनके लिए टिफिन बॉक्स में खाना लेकर आया था।
सीबीआई ने हालांकि यह नहीं बताया कि राजा और उनके पूर्व सहयोगियों पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरा और उनके निजी सचिव आर.के. चंदोलिया का भोजन बाहर से आता है अथवा जांच एजेंसी उन्हें भोजन उपलब्ध करा रही है।
राजा के दोनों पूर्व सहयोगियों को भी इसी परिसर में रखा गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या तीनों को अलग अलग कमरे में रखा गया है, इस पर भी जांच एजेंसी ने कुछ बताने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications