..जब पुलिस उपाधीक्षक ने साफ किए मायावती के जूते
लखनऊ, 8 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अफसरों की चाटुकारिता का एक प्रमाण उस समय सामने आया, जब एक पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को मुख्यमंत्री मायावती के जूते साफ करते देखा गया।
यह मामला हालांकि रविवार का है, जब मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पुलिस उपाधीक्षक) पद्म सिंह अपनी जेब से रुमाल निकालकर मायावती के जूते साफ करने लगे। यह मामला मंगलवार को तब उजागर हुआ, जब कुछ समाचार चैनलों ने मुख्यमंत्री के जूते चमकाने में लगे पद्म सिंह का फुटेज प्रसारित किया।
फुटेज में पद्म सिंह अपनी जेब से रुमाल निकालकर मायावती के जूतों की धूल साफ करते देखे जा रहे हैं, वहीं मायावती इस दौरान अन्य अधिकारियों से बातें करती दिख रही हैं।
समाचार चैनलों के मुताबिक यह वाकया उस समय का है, जब मायावती रविवार को औरैया जिले के नौनकपुर गांव के दौरे पर थीं।
ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से मायावती जिलों के विकास कार्यो का जायजा लेने के लिए प्रतिदिन दौरे कर रही हैं।
विपक्षी दलों ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने इस घटना की निंदा करते हुए मायावती को 'राजतंत्र का प्रतीक' बताया तो वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने इस घटना को मायावती का 'दलित विरोधी दृष्टिकोण' करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications