मिस्र में बदलाव के रास्ते में कई दिक्कतें : अमेरिका
वाशिंगटन, 8 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने मिस्र में राजनीतिक बातचीत को जारी रखने का समर्थन करने का संकेत देते हुए कहा है कि उसका प्रमुख सहयोगी देश, बहुदलीय लोकतंत्र की ओर बढ़ने के क्रम में एक कठिन प्रक्रिया का सामना कर रहा है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव रॉबर्ट गिब्स ने मिस्र में अर्थपूर्ण बदलाव पर अमेरिका के आग्रह को दोहराते हुए सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि काहिरा को ऐसे श्रृंखलाबद्ध उपायों का खाका तैयार करना चाहिए और एक समय सीमा निर्धारित करनी चाहिए, जिससे मिस्र के लोग सहमत हों।
समाचार चैनल सीएनएन ने कहा कि गिब्स की टिप्पणियां राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक की उस जिद की वास्तविकता को जाहिर करती हैं कि वह अपने कार्यकाल के अंत तक यानी सितम्बर तक सत्ता में बने रहेंगे।
पिछले सप्ताह गिब्स ने संवाददाताओं से कहा था कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के पहली फरवरी के बयान के लिहाज से मिस्र में तत्काल सुधार होने चाहिए। ओबामा ने कहा था कि मिस्र में बदलाव हर हाल में अर्थपूर्ण होना चाहिए, इसे शांतिपूर्ण होना चाहिए और इसकी अब शुरुआत होनी चाहिए।
लेकिन गिब्स ने सोमवार को कहा, "यह प्रक्रिया इस समय कठिन होने जा रही है, क्योंकि जब 28 वर्षो तक आपके पास, बगैर मजबूत विपक्ष के, केवल एक नेता रहा है, तो इस व्यवस्था को बदलने में थोड़ा समय तो लगेगा।"
सोमवार को संवाददाताओं के साथ संक्षिप्त अनौपचारिक बातचीत में ओबामा ने कहा, "जाहिर तौर पर मिस्र को एक रास्ता तलाशना है और मैं समझता हूं कि वह इस दिशा में प्रगति कर रहा है।"
बाद में गिब्स ने कहा था कि अंततोगत्वा इस बात का मूल्यांकन करना मिस्र के लोगों का काम है कि कितनी प्रगति हो रही है। गिब्स ने कहा, "केवल बातें पर्याप्त नहीं हैं। मिस्र के लोगों को एक अर्थपूर्ण बदलाव की दिशा में होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।"
अमेरिकी विदेश विभाग ने भी सोमवार को कहा कि मिस्र में अपेक्षाकृत अधिक समग्र बातचीत की आवश्यकता है। विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे.क्राउले ने कहा कि मिस्र के समाज की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित नहीं किया गया। लेकिन उन्होंने किसी समूह या व्यक्ति का नाम नहीं लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications