युवक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे राहुल
अमेठी, 8 फरवरी (आईएएनएस)। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी मंगलवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस महासचिव मुंशीगंज अतिथिगृह में दोपहर में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं को सम्बोधित भी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस महासचिव अपने संसदीय क्षेत्र के रायपुर फुलवारी कस्बे में केंद्र सरकार की योजना के तहत गरीबों के लिए निर्मित किये गये 24 भवनों की चाभियां पात्रों को सौंपेंगे।
दौरे के दूसरे दिन बुधवार को वह औद्यौगिक क्षेत्र त्रिसुंडी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के भर्ती केंद्र का शिलान्यास करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल दौरे में केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए विभिन्न गांवों का औचक भ्रमण कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications