'उमर सुलेमान राष्ट्रपति पद के लिए इजरायल के पसंदीदा'

लंदन, 8 फरवरी (आईएएनएस)। मिस्र के नए उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान लम्बे समय से इजरायल के पसंदीदा रहे हैं। सुलेमान एक गोपनीय हॉटलाइन के जरिए तेल अवीव सरकार से हर रोज बात करते रहे हैं। यह जानकारी विकिलीक्स द्वारा लीक किए गए गोपनीय अमेरिकी राजनयिक संदेशों से सामने आई है।

सुलेमान के बारे में व्यापक तौर पर कहा जा रहा है कि वह हुस्नी मुबारक से राष्ट्रपति का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' ने मंगलवार को कहा है कि 2008 में अमेरिकी अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद इजरायल ने राष्ट्रपति के लिए सुलेमान के नाम को प्राथमिकता दी थी।

यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब सुलेमान ने मिस्र की सरकार के भविष्य पर विपक्षी समूहों से चर्चा शुरू की है। मिस्र इन दिनों राजनीतिक संकट में उलझा हुआ है। वहां 25 जनवरी से ही मुबारक के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पुलिस के साथ संघर्ष में 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

मध्य पूर्व में शांति के लिए काम कर रहे प्रमुख हस्ती के रूप में सुलेमान ने एक बार कहा था कि पड़ोसी गाजा में हमास आतंकियों को तस्करी के जरिए पहुंचाए जा रहे हथियारों को रोकने के लिए इजरायली सैनिकों के मिस्र में घुसने पर स्वागत किया जाएगा।

ज्ञात हो कि शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने मौजूदा सरकार के स्थान पर लोकतांत्रिक सरकार की स्थापना का नेतृत्व करने के लिए सुलेमान को अपना समर्थन दिया था।

काहिरा और तेल अवीव स्थित अमेरिकी दूतावासों से लीक हुए अमेरिकी संदेशों ने सुलेमान, अमेरिका और इजरायल सरकार के बीच घनिष्ठ सहयोग का तथा साथ ही मुबारक का उत्तराधिकारी बनने की सुलेमान की इच्छा का खुलासा किया है।

लीक दस्तावेज उस नाजुक स्थिति को रेखांकित करते हैं, जिसे मिस्र सरकार एक प्रमुख अरब राष्ट्र के रूप में मध्य पूर्व की राजनीति में बनाए रखना चाहती थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+