पुलिस से झड़प में जीजेएम के 2 कार्यकर्ता मारे गए
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर बंगाल) आर. कुमार ने कहा, "पुलिस की गोलाबारी में जीजेएम के दो समर्थक मारे गए। जीजेएम के कुछ पुरुष समर्थकों ने अपने पारम्परिक हथियार खुखरी से एक महिला हवलदार पर हमला किया। इसके बाद पुलिस ने गोलीबारी शुरू की।"
उन्होंने बताया, "समर्थक डुअर्स में लगाए गए निषेधात्मक आदेश (पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी) का उल्लंघन करना चाहते थे।"
कुमार ने बताया, "झड़पों में 15 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।"
ज्ञात हो कि शिप्चू इलाके में जीजेएम ने अवैध शिविर स्थापित किए थे। पुलिस ने इन शिविरों को मंगलवार सुबह गिरा दिया। इसके बाद झड़पें शुरू हो गईं।
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) सुरजीत कर पुरकायस्थ ने बताया, "पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में जीजेएम के एक पुरुष और एक महिला समर्थक की मौत हुई।"
उन्होंने बताया, "जीजेएम समर्थकों ने निषेधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने का प्रयास किया और उन्होंने एक महिला हवलदार पर हमला किया। महिला हवलदार के गर्दन और सिर पर गंभीर चोटें लगी हैं।"
पुलिस अधिकारी ने बताया, "समर्थकों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी। स्थिति अब नियंत्रण में है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications