नौसेना का विस्तार करेगा दक्षिण कोरिया
सियोल, 8 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया अपनी सैन्य क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए नौसेना में 2,000 जवानों को शामिल करेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक उत्तर कोरिया से सटे पश्चिमी समुद्री सीमा पर स्थित पांच द्वीपों में अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए दक्षिण कोरियाई सेना यह कदम उठा रही है।
सेना ने यह निश्चित किया है कि वर्तमान में नौसेना में मौजूद 27,000 जवानों की संख्या को बढ़ाकर 29,000 किया जाएगा। नौसेना में भर्ती किए गए नए जवानों को देश के पश्चिमी तट पर पांचों द्वीपों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
दक्षिण कोरिया की थल सेना भी मौजूदा संख्या में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है।
स्थानीय मीडिया ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि रक्षा मंत्री ने इस महीने ही राष्ट्रपति कार्यालय को एक रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें उन्होंने देश की पश्चिमी सीमा पर स्थित पांच द्वीपों में सैन्य क्षमता बढ़ाने का जिक्र किया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवम्बर में उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा पश्चिमी तट पर स्थित द्वीप पर की गई गोलीबारी के बाद से ही दक्षिणी कोरिया ने इन इलाकों में अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा दी है। इस गोलीबारी में दो सैनिक और दो नागरिक मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications