मुबारक को जर्मनी के आलीशान अस्पताल में भर्ती कराने पर विचार
दरअसल, जर्मनी प्रस्थान, मुबारक के पद छोड़कर देश से बाहर जाने के लिए तैयार की जा रही रणनीति का एक हिस्सा है।
ज्ञात हो कि मुबारक 1981 से ही मिस्र की सत्ता पर काबिज हैं और इस समय वह अभूतपूर्व चुनौती का सामना कर रहे हैं। मुबारक ने कहा है कि वह सितम्बर में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर पद छोड़ने को तैयार हैं। लेकिन काहिरा के तहरीर चौक पर डेरा जमाए प्रदर्शनकारी मुबारक के तत्काल इस्तीफे पर अड़े हुए हैं।
'स्पीगल ऑनलाइन' ने कहा है कि जर्मनी में सम्भावित अस्पताल प्रवास की योजना पूर्व के प्रस्तावों से ज्यादा ठोस है।
अमेरिका मिस्र में एक नई लोकतांत्रिक सरकार के गठन में मदद करने के एक प्रस्ताव पर काम कर रहा है, ताकि राजनीतिक संकट का अंत हो सके और मुबारक का दीर्घकालिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जर्मनी प्रस्थान, उनके जैसे वयोवृद्ध नेता के लिए एक सम्मानजनक विदाई होगी।
'स्पीगल ऑनलाइन' ने कहा है कि मुबारक का जर्मनी में किसी अस्पताल में भर्ती होना काफी हद तक सम्भव है, और उपयुक्त अस्पतालों के साथ इस संदर्भ में बातचीत जारी है। इन अस्पतालों में बाडेन-बाडेन के पास दक्षिण पश्चिमी शहर बुहल में स्थित मैक्स-ग्रंडिग-क्लिनिक बुहलरहोह शामिल है।
अस्पताल प्रबंधन ने इस बारे में कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।
अस्पताल में कैंसर की बीमारी के इलाज के लिए बेहतरीन विभाग (ऑन्कोलॉजी) है और इसकी वेबसाइट पर कहा गया है कि यह अस्पताल प्रथम श्रेणी की चिकित्सकीय सुविधा और किसी आलीशान होटल जैसी सुविधा एवं सेवा मुहैया कराता है।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि रोगियों को 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले भव्य कमरे (सुइट्स) में रखा जाता है। यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर युशचेंको और रूस के पूर्व वित्त मंत्री जर्मन ग्रेफ इसके पहले यहां इलाज करा चुके हैं। अतीत में इस बात को लेकर अफवाहें थीं कि मुबारक कैंसर से पीड़ित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications