दक्षेस देश सेवा व्यापार करार लागू करें : भारत
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने यहां दक्षेस के मंत्रियों की परिषद में अपनी शुरुआती टिप्पणी में कहा, "पिछले वर्ष थिम्पू में सेवा क्षेत्र में व्यापार पर दक्षेस समझौते (एसएटीआईएस) पर हस्ताक्षर करना दक्षेस में व्यापार के अवसर को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम था। इसके तहत सामानों के साथ ही सेवाओं के व्यापार को भी शामिल किया गया था।"
कृष्णा ने कहा कि चार देशों ने पहले ही समझौते को लागू कर दिया है और वह "सदस्य देशों से आग्रह करेंगे कि जिन देशों ने अभी तक इसे लागू नहीं किया है, वे जल्द से जल्द ऐसा करने के लिए कदम उठाएं।"
कृष्णा ने कहा कि यद्यपि, दक्षिण एशिया मुक्त व्यापार समझौते (साफ्टा) के तहत व्यापार 1.2 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गया है, लेकिन यह अभी भी सम्भावनाओं से काफी नीचे है।
विदेश मंत्री कृष्णा ने कहा, "भारत इसकी संवेदनशील सूची को छोटा करने के लिए कदम उठा रहा है, खासतौर से एलडीसी (कम विकसित देशों) के लिए, और मुझे उम्मीद है कि यह कदम अन्य देशों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।"
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत, बांग्लादेश और नेपाल के बीच एक प्रदर्शन कंटेनर रेलगाड़ी चलाने की योजना बनाई जा रही है। आशा है कि यह रेलगाड़ी क्षेत्र में ढुलाई की लागत घटाने और व्यापार को गति देने की सम्भावना प्रदर्शित करेगी।
कृष्णा ने कहा कि क्षेत्रीय सम्पर्क बढ़ाने के लिए मोटर व्हिकल्स और रेल पर दो समझौते अभी भी लम्बित पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "मुझे आशा है कि इन दोनों समझौतों के संदर्भ में प्रगति की जा सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications