त्रिनिदाद एवं टोबैगो में विशाल हनुमान मूर्ति का अनावरण
पोर्ट-ऑफ-स्पेन, 8 फरवरी (आईएएनएस)। त्रिनिदाद एवं टोबैगो में एक खम्भे के ऊपर खड़ी भगवान हनुमान की विशालकाय मूर्ति का अनावरण किया गया है।
त्रिनिदाद के मध्य में स्थित टोड्स रोड हिंदू मंदिर में शिक्षा मंत्री टिम गोपी सिंह ने मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान एक अन्य मंत्री रूढ़ी इंद्र सिंह भी मौजूद थे। इस अवसर पर पुजारी अभेदानंद प्रसाद शर्मा ने पूजा-अर्चना करवाई।
भगवान हनुमान की यह मूर्ति 12 फीट लम्बी और 24 फीट ऊंची है। यह मूर्ति उड़ती हुई अवस्था में एक खम्भे के ऊपर रखी हुई है।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो में करीब 500 हिंदू मंदिर हैं। यहां की 13 लाख लोगों की आबादी का 44 प्रतिशत हिस्सा भारतीय हैं। करीब 24 प्रतिशत लोग हिंदू हैं। वर्ष 1845 से 1917 के बीच उत्तर प्रदेश और बिहार से करीब 148,000 भारतीय गन्ने के खेतों में काम करने के लिए यहां आए थे।
'कैरेबियन वाइब्रेशन्स इंडियन ऑर्केस्ट्रा' के हरिनरेन प्रसाद ने अपने बेटों के साथ अपनी मां बासो प्रसाद की याद में यह मूर्ति दान की है।
इससे पहले करीब 10 साल पहले त्रिनिदाद के बीचोंबीच कैरैपिचेइमा के दत्तात्रेय सेंटर में 85 फीट ऊंची हनुमान मूर्ति स्थापित की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications