मेहमानों के स्वागत को तैयार है संजय गांधी जैविक उद्यान
संजय गांधी जैविक उद्यान में पांचों मेहमान हैदराबाद नेहरू जैविक उद्यान से आने वाले हैं। उद्यान प्रशासन के मुताबिक पटना उद्यान प्रशासन और हैदराबाद जैविक उद्यान से इस सम्बंध में काफी लम्बे समय से बात चल रही थी।
हैदराबाद जैविक उद्यान ने जहां संजय गांधी जैविक उद्यान को एक जोड़ी शेर, एक सामान्य बाघ और एक जोड़ी सफेद बाघ देने की स्वीकृति जताई है वहीं पटना उद्यान प्रशासन ने उन्हें सूरज और सरस्वती नामक गैंडे देने के लिए सहमति दी है।
संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक अभय कुमार ने मंगलवार को बताया कि दोंनों उद्यान प्रशासनों ने वन्यजीवों के आदान-प्रदान की प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। इसके लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने भी अपनी सहमति जता दी है।
उन्होंने बताया कि फरवरी के अंतिम तथा मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में पांचों जानवरों के पटना उद्यान में आ जाने की सम्भावना है।
गौरतलब है कि पटना जैविक उद्यान में काफी लम्बे समय से नर शेर नहीं थे, जबकि दो मादा शेर यहां हैं। इसी तरह यहां एक नर बाघ है जो काफी बूढ़ा हो चुका है जबकि दो बाघिनें भी यहां हैं। उद्यान के अधिकारियों का मानना है कि दो शेरों के आ जाने से यहां मादा और नर शेरों की संख्या पांच हो जाएगी।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नए शेर और बाघों के आ जाने से उनकी वंश वृद्धि हो सकेगी।
इधर, नए मेहमानों के स्वागत के लिए उद्यान प्रशासन अपनी तैयारी में लगा है। आगंतुक मेहमानों के रहने की व्यवस्था की जा रही है तथा नाइट केज का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications