पीड़ित किशोरी से मिलने कानपुर पहुंचे राहुल (लीड-1)
गौरतलब है कि फतेहपुर निवासी इस किशोरी के साथ दुराचार में असफल होने पर उसके गांव के ही तीन लड़कों ने धारदार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था।
राहुल अपने काफिले के साथ सोमवार शाम अचानक कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचें और पीड़िता का हालचाल जाना।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि शाम करीब पांच बजे के आसपास कांग्रेस महासचिव अस्पताल पहुंचे। वह करीब पंद्रह से बीस मिनट तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने पीड़िता के परिजनों और अस्पताल के चिकित्सकों से बातचीत की।
पीड़िता के पिता ने संवाददाताओं से कहा, "राहुल ने हमसे बेटी की तबीयत के बारे में पूछा और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए हमें अपने कार्यालय का टेलीफोन नंबर दिया और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए निस्संकोच फोन करने को कहा।"
गौरतलब है कि फतेहपुर के उदरौली गांव में शनिवार देर शाम बलात्कार में असफल होने पर तीन लड़कों ने 17 वर्षीय इस किशोरी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसमें उसका गला, कान, हाथ सहित शरीर के विभिन्न अंगों पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने इस सिलसिले में हरिशंकर नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव बांदा के शहबाजपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी के घर में कथित तौर पर बलात्कार की शिकार हुई किशोरी से मुलाकात की और उसे न्याय का भरोसा दिया।
बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के राहुल अचानक मध्य प्रदेश के खजुराहो से बांदा होते हुए कानपुर पहुंचे। किसी को उनके दौरे की भनक नहीं थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications