कसाब की अपील पर न्यायालय का फैसला 21 फरवरी को
मुम्बई। बम्बई उच्च न्यायालय मुम्बई आतंकी हमलों में भूमिका निभाने के जुर्म में मृत्युदंड की सजा पाने वाले पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब की अपील पर इस महीने की 21 तारीख को फैसला सुनाएगा।
न्यायालय ने घोषणा की है कि वह 21 तारीख को इस बात का फैसला सुनाएगा कि वह निचली अदालत की ओर से कसाब को सुनाए गए मृत्युदंड की पुष्टि कर रहा है या उस दंड को कम कर रहा है। यह जानकारी सोमवार को विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने दी।
कसाब की वकील फरहाना शाह ने बताया कि उच्च न्यायालय उसी दिन निचली अदालत द्वारा सुनाए गए मृत्युदंड के खिलाफ कसाब की अपील पर भी सुनवाई करेगा। यह मामला सोमवार को आगे के निर्देशों के लिए बम्बई उच्च न्यायालय के समक्ष आया था। इस मामले की सुनवाई तीन सप्ताह पूर्व ही पूरी हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर 2008 को समुद्र के रास्ते मुम्बई में दाखिल हुए कसाब तथा पाकिस्तान से आए नौ अन्य आतंकवादियों ने शहर में कत्लेआम मचाया था। उन दसों आतंकवादियों ने छत्रपति शिवाजी रेलवे टर्मिनस, ताज महल पैलेस एंड टॉवर होटल, होटल ट्राइडेंट-ओबेरॉय और नरिमन हाउस को निशाना बनाया था।
60 घंटे तक चले इस खून-खराबे में विदेशी नागरिकों सहित 166 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications