दिल्ली में लौटे ब्लेडबाज़, दो लड़कियां शिकार हुईं
नई दिल्ली। राजाधानी में एक बार फिर ब्लेडबाज़ लौट आये हैं। जी हां इस बार भी ब्लेडबाज़ों ने अपना निशाना दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके की लड़कियों को ही बनाया है। शनिवार की शाम हुई इस वारदात से यह साफ है कि आपकी लाडली राजधानी में सुरक्षित नहीं है।
मंगोलपुरी इलाके में एक लड़की शाम को कॉलेज से घर लौट रही थी कि सूनसान इलाके का फायदा उठाते हुए एक युवक पल्सर बाइक से आया और लड़की के चेहरे पर ब्लेड मार कर निकल गया। लड़की रोती बिलखती घर पहुंची। पुलिस को इस वारदात की खबर लगी ही थी कि इसी इलाके में एक और लड़की शिकार हुई। उस के चेहरे पर भी मोटरसाइकिल सवार ने ही ब्लेड मारा और निकल गया।
लड़कियों के मुताबिक हमलावर काली जैकेट पहने हुए थे और अचानक उनके पास आए, गाड़ी धीमी की और ब्लेड मार कर निकल गए। लड़कियों के मुताबिक उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है कि आखिर वे हमले का शिकार क्यों हुईं। उन्होंने किसी पर शक भी नहीं जताया है।
मंगोलपुरी में एक बार फिर अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए हैं, वहीं दिल्ली पुलिस बेबस है। रविवार की दोपहर तक दोनों में से एक भी ब्लेडमैन पकड़ में नहीं आया है। यहां तक पुलिस को अभी तक यह भी पक्का नहीं है कि हमलावर दो हैं या एक। खैर ये हमलावर दिल्ली पुलिस के लिए एक बार फिर बड़ी चुनौती बनकर आए हैं।
इससे पहले दिसंबर 2010 में लड़कियों पर ब्लेड से हमले के मामले अचानक बढ़ गए थे। 7 दिसंबर को पुलिस ने मंगोलपुरी इलाके में ही राह चलती लड़कियों पर ब्लेड से हमला करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया था। विशाल उर्फ शालू (22) और उसके दोस्त रोहित कुमार (26) राह चलते लड़कियों पर ब्लेड से हमला कर देते थे।












Click it and Unblock the Notifications