येदियुरप्पा ने की करोड़ों रुपये की संपत्ति की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 जनवरी 2011 से वह 50 लाख रुपये मूल्य के 2.5 किलोग्राम सोने के मालिक हैं जबकि अप्रैल 2008 में उनके पास 1.6 किलोग्राम सोना था।
उन्होंने बताया कि अभी उनके पास करीब 17 लाख रुपये मूल्य का 75 किलोग्राम चांदी है जबकि 2008 में उनके पास 25 किलोग्राम चांदी थी। उनके पास 10.45 लाख मूल्य के घर की सामग्रियां हैं और उनके बैंक खाते में 33 लाख रुपये से अधिक जमा है।
मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक की गई अन्य सम्पत्तियों में उनके विधानसभा क्षेत्र शिकारीपुरा में 18 एकड़ से अधिक कृषि भूमि, बेंगलुरू के राजा महल विलास एक्सटेंशन में एक घर, शिकारीपुरा में 9.12 एकड़ की भूमि और एक आवास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया है कि उनके पास खेतान के 70 शेयर और जेनिथ इंफोटेक लिमिटेड और अर्बन बैंक शिकारीपुरा दोनों के 100-100 शेयर हैं।
येदियुरप्पा ने हालांकि अपनी भूमि अथवा आवासीय संपत्तियों की कीमत के बारे में नहीं बताया है।
विपक्ष ने येदियुरप्पा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मई 2008 में सत्ता में आने के बाद अरबों रुपये कमाए हैं। विपक्ष के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी संपत्ति सार्वजनिक की है।
ज्ञात हो कि जनता दल (सेक्युलर) ने शुक्रवार को दावा किया था कि येदियुरप्पा के पास 10 अरब की संपत्तियां हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications