कण्वाश्रम बनेगा राष्ट्रीय स्मारक : निशंक
देहरादून, 6 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने रविवार को कहा कि कण्वाश्रम पूरे देश की संस्कृति का मुख्य आधार है, इसलिए ऐतिहासिक कण्वाश्रम को राष्ट्रीय स्मारक के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पौड़ी जनपद के अंतर्गत कण्व ऋर्षि की तपस्थली और चक्रवर्ती सम्राट भरत की जन्मस्थली कहे जाने वाले कण्वाश्रम में चल रहे पांच दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की लागत वाली विभिन्न योजनाओं का लोकापर्ण एवं शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम के गौरवमयी इतिहास से उत्तराखण्ड की जनता भी अनभिज्ञ है, जबकि इसे विश्व मानचित्र पर होना चाहिए था। निशंक ने कहा कि भरत के नाम से ही इस देश का नाम भारत पड़ा है, इसलिए इस स्थल को विकसित करना अत्यंत आवश्यक है।
इस मौके पर उन्होंने कोटद्वार में मेडिकल कालेज तथा कार्बेट पार्क को जोड़ने वाली लालढांग- चिल्लरखाल सड़क मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कोटद्वार से कालागढ़ को जोड़ने वाले सड़क मार्ग के निर्माण के लिए सात करोड़ 11 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चेम्बरों के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने खोह पुल-सनेह मार्ग का नाम शिक्षाविद् पीताम्बर दत्त देवरानी मार्ग रखे जाने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कण्वाश्रम मेले के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के निर्माण के समय यहां केवल 10, 365 किलोमीटर सड़कें थीं जो अब 30, 000 किलोमीटर से भी अधिक हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 में प्रदेश का राजस्व मात्र 165 करोड़ रुपये था जो बढ़कर तीन हजार करोड़ हो गया है।
कार्यक्रम में कलाकार रामरतन काला को महर्षि कण्व सम्मान देने की घोषणा की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications