उत्तराखण्ड में बर्फबारी से पारा लुढ़का
देहरादून, 6 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड में पिछले कई दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज किए जाने के बाद रविवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जिससे निचले वाले इलाकों में भी पारा लुढ़क गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटे में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।
राजधानी देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। इसके चलते दोपहर बाद गंगोत्री, हर्षिल, झाला, दयारा सहित कई ऊंचे इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई। मौसम में आए बदलाव से राज्यवासियों को एक बार फिर बर्फीली हवाएं झेलनी पड़ रही हैं।
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि देहरादून में रविवार को न्यूनतम तापमान 11.7, पंतनगर में 8.9, मुक्तेश्वर में 4.6 और टिहरी में 9 डिग्री तापमान रहा। उन्होंने बताया कि तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications