मेक्सिको में ठंड के कारण चिड़ियाघर के 34 जानवरों की मौत
स्यूदाद जुआरेज (मेक्सिको), 6 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तरी मेक्सिको में पिछले कुछ दिनों से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया है। इस कारण चिहुआहुआ प्रांत में स्थित एक चिड़ियाघर में कम से कम 34 जानवरों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि प्रांत के कुछ कस्बों में मौसम की स्थिति काफी खराब बनी हुई है, जिससे तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे चला गया है। तापमान में गिरावट के बाद स्यूदाद अल्दामा के चिड़ियाघर में 34 जानवरों की मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक मरने वाले जानवरों में दो घड़ियाल, एक बंदर, 15 तोते, 12 सांप के अलावा कई अन्य जानवर शामिल हैं।
चिड़ियाघर के मालिक ने बताया कि राज्य के अधिकांश इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी गिरावट के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। ऐसे में जानवरों की जान बचाने के लिए लकड़ी जलाकर उन्हें गर्म रखने का प्रयास किया गया।
राज्य में पिछले बुधवार को मौसम अधिक खराब होना शुरू हुआ था। वर्ष 1956 के बाद से मौसम की ऐसी स्थिति कभी देखने को नहीं मिली है, जिससे कि जानवरों की मौत हुई हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications