कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के आसार, हिमस्खलन की चेतावनी
श्रीनगर, 6 फरवरी (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में अगले दो दिनों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इस बीच यहां माचिल और तंगधार जैसे ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन होने की चेतावानी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में घाटी में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उधर, प्रांतीय प्रशासन ने ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वह अपने घरों में ही रहें और बाहर निकलने पर सावधानी बरतें।
आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख आमिर अली ने आईएएनएस को बताया, "घाटी के गुरेज, केरान, माचिल, तंगधार और चोकीबाल इलाकों में अगले दो दिनों के भीतर हिमस्खलन होने की आशंका है।"
राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से ऊपर बना हुआ है।
श्रीनगर में मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा, "श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस और जम्मू में 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाके में पहलगाम में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"
राज्य के कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में इस साल कई वर्षो बाद कड़ाके की सर्दी देखने को मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications