करुणानिधि ने स्वामी को कानूनी नोटिस भेजा
स्वामी के बयान को वैयक्तिक विद्वेष, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से प्रेरित तथा सस्ती लोकप्रियता के लिए हो-हल्ला मचाने वाला बताते हुए करुणानिधि ने कहा कि कथित 2जी स्पेक्ट्रम मामले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है।
इस मामले में उनका नाम शामिल करने के स्वामी के प्रयास को दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए करुणानिधि ने 24 घंटे में उनसे बयान वापस लेने की मांग की और कहा कि ऐसा नहीं करने पर स्वामी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में दायर अपनी शिकायत में स्वामी ने पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा के साथ सह आरोपी के तौर पर करुणानिधि के नाम का जिक्र किया था।
स्वामी ने अदालत से कहा था, "इस मामले में मैंने राजा के साथ डीएमके प्रमुख करुणानिधि के नाम का जिक्र सह आरोपी के तौर पर किया था तथा इसमें कई और नाम जोड़े जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है, इसलिए सीबीआई 'देश के हित' में इसकी भी जांच करे।
इससे पहले दायर की अपनी शिकायत में स्वामी ने घोटाले में कथित भूमिका को लेकर राजा के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, क्योंकि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने इस घोटाले से राजकोष को 1.76 लाख करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में संदिग्ध भूमिका को लेकर राजा और उनके दो सहयोगियों को बुधवार को यहां गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications