मप्र के सुनार ने बनाया आधे ग्राम का विश्व कप
विश्व कप की प्रतिकृति का निर्माण सिहोर जिले के सुनार नितिन सोनी ने 23 कैरेट सोने से किया है जिसकी ऊंचाई एक सेंटीमीटर है। इसके निर्माण में चांदी का भी इस्तेमाल किया गया है।
सोनी ने आईएएनएस को बताया, "भारत में विश्व कप को जब लाया गया तभी मैंने इसकी प्रतिकृति बनानी शुरू की। इसे बनाने में मुझे तीन दिनों का समय लगा।"
उन्होंने बताया, "यह बहुत महंगा नहीं होगा लेकिन यदि इस प्रतिकृति को मैन ऑफ द सीरिज पुरस्कार के रूप में किसी भारतीय खिलाड़ी को दिया जाता है तो मुझे खुशी होगी।"
सोनी विश्व कप की प्रतिकृति बनाने के लिए अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्डस में भी दर्ज कराना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि क्रिकेट विश्व कप 19 फरवरी से 2 अप्रैल तक प्रस्तावित है। भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में खेले जाने वाले 49 मैचों में 14 देश हिस्सा लेंगे।
इस बार के विश्व कप ट्रॉफी का वजन 11 किलोग्राम है जिसमें चांदी के रूप वाली तीन पट्टियों पर सुनहरे रंग वाली पृथ्वी स्थित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications