मुस्लिम ब्रदरहुड बातचीत को तैयार, विरोध प्रदर्शन जारी (लीड-2)
समाचार चैनल सीएनएस के मुताबिक मुस्लिम ब्रदरहुड के प्रवक्ता एसाम इल एरिन ने कहा, "हमारे रुख में बदलाव नहीं है, हम जनता की मांगों को बातचीत की टेबल तक पहुंचाएंगे।"
विपक्षी दल के नेताओं की यह बैठक रविवार को होगी। इससे पहले शनिवार को मिस्र की सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ने अपने नेतृत्व में कुछ बड़े फेरबदल की घोषणा की थी।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक शनिवार को राष्ट्रपति मुबारक के बेटे गमाल मुबारक ने एनडीपी के राजनीतिक प्रमुख और शफवत इल शरीफ ने पार्टी महासचिव का पद से इस्तीफा दिया।
इन दोनों की जगह पर एनडीपी और संसद के उच्च सदन शूरा काउंसिल के सदस्य होसाम बदरवी को नियुक्त किया गया है।
इससे पहले समाचार चैनल अल अरबिया और अल जजीरा ने कहा था कि हुस्नी मुबारक ने पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है लेकिन शनिवार देर रात चैनलों ने अपनी इस खबर का खंडन किया।
मिस्र में क्रमिक और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण का दबाव बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दुनिया के अन्य प्रमुख नेताओं से मिस्र के मौजूदा राजनीतिक हालत पर विचार-विमर्श किया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ओबामा ने मिस्र के मौजूदा हालात पर विचार विमर्श के लिए जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल, ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और संयुक्त अरब अमीरात के युवराज मोहम्मद बिन जाएद से बात की। सभी नेता इस मुद्दे पर आपसी विचार-विमर्श जारी रखने पर सहमत हुए।
बातचीत के दौरान ओबामा ने मिस्र की जनता की इच्छा के अनुकूल सरकार को क्रमिक और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सरकार और विपक्ष के बीच विश्वसनीय और समेकित वार्ता की बात कही।
व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक अमेरिकी उपराष्ट्रपति जो बिडेन ने अपने मिस्र के समकक्ष उमर सुलेमान से हुई बातचीत में मिस्र के लोगों की इच्छा के अनुकूल लोकतांत्रिक सरकार को सत्ता हस्तांतरित करने के लिए विश्वसनीय और समेकित वार्ता की प्रक्रिया में हुई प्रगति की जानकारी ली।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने स्पष्ट सुधार योजना, स्पष्ट समयसीमा और त्वरित कदम उठाए जाने की जरूरत पर जोर दिया।
शुक्रवार को ओबामा ने मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक से कहा था कि वह जनता की आवाज सुनें और सही फैसला लें।
दूसरी ओर म्युनिख में सुरक्षा सम्मेलन में शिरकत कर रहे पश्चिमी देशों के नेताओं ने मिस्र में सुनियोजित तरीके से सत्ता हस्तांतरण और लोकतंत्र की स्थापना की अपील की।
जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल ने कहा, "सरकार विहीन होने की स्थिति से बचने के लिए सत्ता का चरणबद्ध हस्तांतरण किया जाना चाहिए।"
इजरायल के राष्ट्रपति शिमोन पेरेज ने मिस्र में विद्रोह के कारण मध्य पूर्व में सम्भावित बदलावों को लेकर शनिवार को चिंता जाहिर की। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पेरेज ने कहा, "सरकार या चुनावी प्रणाली में होने वाले किसी भी बदलाव को लेकर हम बहुत चिंतित हैं।"
पेरेज ने कहा, "यदि मिस्र में मुस्लिम ब्रदरहुड विजयी होता है तो उसकी सरकार शांति नहीं ला पाएगी।"
पेरेज ने यह टिप्पणी जेरुसलम में जुटे 32 यूरोपीय देशों के 430 सांसदों को सम्बोधित करते हुए की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications