मिस्र में जनजीवन पटरी पर लौटना शुरू, पर्यटक नदारद
मिस्र में सप्ताह के पहले दिन प्रमुख व्यापारिक संस्थान और बैंक खुले लेकिन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहने वाली कुछ दुकानें और पर्यटन स्थल बंद रहे।
काहिरा में कई दिनों के बाद यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस सड़कों पर लौट आई है और राजधानी के मुख्य चौक के पास स्थित मिस्र का केंद्रीय बैंक, विश्वविद्यालय और पर्यटन केंद्र खोले गए।
रविवार सुबह लोगों के काम पर लौटने के कारण काहिरा की सड़कों पर जाम की स्थितियां बनीं।
मिस्र के मुख्य पर्यटन केंद्र गिजा स्थित पिरामिड़ों के आसपास सेना और पुलिस का कड़ा पहरा है इसलिए पर्यटक भी इन स्थलों पर नहीं पहुंच रहे हैं।
इन पिरामिड़ों को देखने के लिए आमतौर पर हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन फिलहाल यहां केवल कुछ पत्रकार ही पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री अहमद शफीक ने कहा कि मिस्र के शहरों में हालात सामान्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "सुरक्षा की स्थिति प्रति दिन सुधर रही है।"
25 जनवरी को विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद अमेरिकी फास्ट फूड कम्पनियों मेक्डोनाल्ड और केंचुकी फ्रीड चिकन ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए थे लेकिन रविवार को यह कारोबार के लिए खोल दिए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications