पीजीआईएमईआर में हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
अस्पताल प्रशासन से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद कर्मचारी हड़ताल पर चले गए जिससे मरीजों की सर्जरी पर इसका असर पड़ा।
इससे पहले ऑपरेशन थियेटर के तकनीकी कर्मचारी गुरुवार को तीन दिन की सामूहिक छुट्टी पर चले गए थे। पीजीआईएमईआर प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने के बाद वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
ऑपरेशन थियेटर तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन के सचिव नरेश गौतम ने आईएएनएस को बताया, "पीजीआईएमईआर के अधिकारी हमारी बातों को सुनने को तैयार नहीं हैं। इससे पहले उन्होंने हमें आश्वासन दिया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।"
उन्होंने कहा, "हम तीन दिनों की सामूहिक छुट्टी पर चले गए थे और अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर भी बैठे लेकिन पीजीआईएमईआर ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। हम वेतन में बढ़ोत्तरी को लेकर लिखित आश्वासन चाहते हैं।"
पीजीआईएमईआर में प्रतिदिन करीब 300 ऑपरेशन होते हैं लेकिन पिछले तीन दिनों के दौरान नर्सो की मदद से केवल 200 ऑपरेशन ही हो पाए हैं। हड़ताल की वजह से मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, पीजीआईएमईआर के एक अधिकारी ने बताया, "स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले ही उनकी मांगे स्वीकार कर ली हैं और यह मामला वित्त मंत्रालय में लंबित है। इस तरह के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने में समय लगता है लेकिन कर्मचारी बिना वजह प्रबंधन और मरीजों को परेशान कर रहे हैं। हम नर्सो की मदद ले रहे हैं ताकि सेवाओं पर असर न पड़े।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications