भारत से व्यापार बढ़ाना चाहते हैं पाकिस्तानी व्यापारी
इस्लामाबाद, 6 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की थिम्पू में मुलाकात से पहले पाकिस्तानी व्यापारियों ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से दोनों देशों में गरीबी और बेरोजगारी दूर करने के लिए आपसी व्यापार बढ़ाने की मांग की है।
समाचार चैनल 'आज टीवी' के मुताबिक पाकिस्तानी व्यापारियों ने कहा है कि आपसी मतभेदों के कारण दोनों देशों में पिछड़ेपन की स्थितियां बनी हुई हैं।
मुजफ्फराबाद में कश्मीर चैंबर ऑफ कॉमर्स के जुल्फिकार अब्बासी ने कहा, "दुनिया में यह एकमात्र उदाहरण है कि दो देशों के बीच व्यापार की अनुमति है, लेकिन सप्ताह में केवल दो दिन के लिए।"
उन्होंने कहा कि आपसी मतभेदों के कारण घाटी में दोनों ओर गरीबी और बेरोजगारी बढ़ रही है।
व्यापारियों ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार व्यापार की जाने वाली वस्तुओं की संख्या बढ़ाए जाने का सुझाव दिया है।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के सलाहकार और प्रमुख उद्योगपति मिर्जा इख्तियार बेग ने कहा, "नियंत्रण रेखा के पार आयात-निर्यात की जाने वाली वस्तुओं की संख्या बढ़ाने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि दोनों देशों के बीच व्यापार की अपार संभावनाएं हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications