नए लड़ाकू विमानों से हादसों में आएगी कमी : एंटनी
हिंडन (गाजियाबाद), 5 फरवरी (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने शनिवार को कहा कि वायु सेना में नए लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के शामिल होने से भविष्य में दुर्भाग्यपूर्ण हादसों में कमी आएगी।
ज्ञात हो कि इस सप्ताह में सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर और वायुसेना का एक लड़ाकू विमान मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त हुए। इन दुर्घटनाओं में दो अनुभवी पायलट मारे गए।
जबकि पिछले साल सेना के एक दर्जन लड़ाकू विमान हादसों के शिकार हुए। इनमें रूस निर्मित मिग-21 और मिग-27 लड़ाकू विमान शामिल हैं।
अमेरिकी लड़ाकू विमान सी-130जे को विशेष अभियानों के लिए वायुसेना में शामिल करने के लिए आयोजित समारोह से इतर एंटनी ने पत्रकारों को बताया, "प्रत्येक दुर्घटना चाहे वह बड़ी हो अथवा छोटी दुर्भाग्यपूर्ण है।"
उन्होंने कहा, "हम संचालन जरूरतों से सम्बंधित प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद भी दुर्घटनाएं हो जाती है।"
उन्होंने कहा, "पिछले वर्षो की तुलना में हादसों में कमी आई है लेकिन इससे राहत महसूस नहीं की जा सकती। प्रत्येक दुर्घटना के बाद हम जांच शुरू करते हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाकर उन पर कार्रवाई करते हैं।"
रक्षा मंत्री ने उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय वायु सेना तेजी से आधुनिकीकरण की प्रक्रिया से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि दो अथवा तीन वर्षों में वायु सेना के बेड़े में कुछ अत्यंत आधुनिक उपकरण, लड़ाकू विमानों, परिवहन लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पुराने लड़ाकू विमानों को चरणबद्ध तरीके से वायु सेना से बाहर कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications