फोर्स 10 भारत में डेवलपमेंट सेंटर का करेगा विस्तार
चेन्नई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। कम्प्यूटर नेटवर्किं ग उत्पादों और समाधानों के वैश्विक बाजार में वापस आ रही तेजी के साथ ही फोर्स10 नेटवर्क इंक भारत में अपने डेवलपमेंट सेंटर का विस्तार करना चाहती है।
कम्पनी भारत में अपने डेवलपमेंट सेंटर पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएगी, एक करोड़ डॉलर का निवेश करेगी और घरेलू बाजार में अपनी पकड़ बढ़ाएगी।
कम्पनी के उपाध्यक्ष प्रकाश श्रीपथि ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा कि वे करीब 100 अत्यधिक योग्य इंजीनियरों की भर्ती करेंगे। उन्होंने कहा कि इस साल सितम्बर तक एक करोड़ डॉलर का निवेश पूरा कर लिया जाएगा। निवेश को आगे और भी बढ़ाया जा सकता है।
उनके मुताबिक यह कम्पनी पूरी दुनिया में विकास के एक नए रास्ते पर बढ़ना चाहती है।
कम्पनी अपना 14.3 करोड़ डॉलर का प्रथम सार्वजनिक निर्गम भी लाना चाहती है और इसके लिए उसने अमेरिका के शेयर बाजार में आवश्यक दस्तावेज जमा भी कर दिए हैं।
उन्होंने भारत में किसी नए डेवलपमेंट सेंटर की सम्भावना से हालांकि अभी इंकार किया और कहा कि फिलहाल कम्पनी यहां आलिम्पिया प्रौद्योगिकी पार्क के केंद्र पर ही पहले अपना विस्तार करेगी।
कम्पनी के कुल कर्मचारियों की संख्या अभी 300 है, जिसमें 200 स्थायी कर्मचारी और 100 ठेके पर काम करने वाले इंजीनियर हैं।
कम्पनी के भारतीय डेवलपमेंट सेंटर में कम्पनी के कुल सॉफ्टवेयर का 75 फीसदी कम होता है, जबकि हार्डवेयर क्षेत्र में 25 फीसदी काम यहां होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications