2जी स्पेक्ट्रम घोटाला : स्वामी ने करुणानिधि को बनाया सह आरोपी
नई दिल्ली। जनता पार्टी के अध्यक्ष सुबह्मण्यम स्वामी ने शनिवार को दिल्ली के एक न्यायालय में शिकायत दायर कर 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि को सह आरोपी बनाया है। उन्होंने घोटाले में करुणानिधि की कथित संलिप्तता की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
स्वामी ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे की भी जांच सीबीआई से कराने की मांग की। स्वामी की शिकायत पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश प्रदीप चड्ढा ने उनसे पूछा कि जब इस मामले की जांच पहले ही सीबीआई कर रही है तो इसके समानांतर एक दूसरी जांच कैसे की जा सकती है।
इस पर स्वामी ने कहा कि उनकी शिकायत 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में करुणानिधि की कथित भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर है। इसे 'राष्ट्रीय हित' को ध्यान में रखते हुए देखा जाना चाहिए। स्वामी ने न्यायालय से कहा, "मैंने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष करुणानिधि को राजा के साथ सह आरोपी बनाया है। अभी इसमें और नाम जोड़े जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत में व्यापक मुद्दों को शामिल किया गया है, जिनकी जांच सीबीआई की ओर से नहीं की जा रही है। स्वामी ने कहा कि दुबई स्थित इतिसलात डीबी (स्वान दूरसंचार) कम्पनी का अंडरवर्ल्ड माफिया दाऊद इब्राहिम के साथ कथित रूप से सम्बंध है। स्वान कम्पनी को सस्ते दर पर 13 क्षेत्रों के लिए लाइसेंस मंजूर किए गए।
स्वामी के अनुसार अलायंज इंफ्राटेक कम्पनी का स्वान में विलय हो जाने पर इसे दो और लाइसेंस प्राप्त हो गए। उल्लेखनीय है कि न्यायालय ने जांच एजेंसी से 22 फरवरी को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। इस मामले में पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा प्रमुख आरोपियों में हैं।
राजा और उनके दो सहयोगियों को 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट के मुताबिक इस घोटाले से देश को 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications