महिलाओं ने की मायावती का काफिला रोकने की कोशिश

विकास कार्यो का जायजा लेने पहुंची मुख्यमंत्री मायावती का काफिला जैसे ही अलीगढ़ के सलेमपुर गांव पहुंचा, नारे लगाती कुछ स्थानीय महिलाओं ने अचानक मायावती की कार के आगे लेटकर काफिले को रोकने की कोशिश की।
वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल सभी महिलाओं को घसीटकर रास्ते से हटा दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं राज्य मंत्री जयवीर सिंह पर हत्या और अपहरण का आरोप लगा रही थी और उनके खिलाफ प्रदशर्न कर रही थीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं में एक का आरोप था कि राज्य मंत्री ने उसके पिता की हत्या करवा दी जबकि एक अन्य महिला ने मंत्री पर पति का अपहरण करवाने का आरोप लगाया।
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र वीर सिंह ने देर शाम संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री का काफिला रोकने की कोशिश करना गम्भीर मामला है। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है जबिक दो अन्य की तलाश की जा रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications