चण्डीगढ़ में अपराध से निपटेंगे रेडियो, फेसबुक
चण्डीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ में अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने से परेशान पुलिस ने अब इनसे निपटने के लिए रेडियो चैनल्स और सोशल नेटवर्किं ग साइट फेसबुक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
चण्डीगढ़ पुलिस ने हाल ही में दो निजी रेडियो चैनल्स रिलायंस समूह के बिग 92.7 एफएम और भास्कर समूह के 94.3 माई एफएम के साथ अनुबंध किया है। दरअसल पुलिस इन चैनल्स के जरिए घोषणाएं करके और जनता की मदद लेकर समाज-विरोधी तत्वों पर नजर रखना चाहती है।
चण्डीगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक (संचार) रोशन लाल ने आईएएनएस को बताया, "पुलिस नियंत्रण कक्ष के वरिष्ठ अधिकारी इन चैनल्स के लगातार सम्पर्क में रहेंगे। वे रेडियो पर सड़क पर टक्कर मारकर भाग जाने वालों, छीना-झपटी और वाहनों की चोरी के मामलों की त्वरित जानकारी देंगे।" उन्होंने बताया कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए कार्यक्रमों के बीच में भी इस तरह की जानकारियां दी जाएंगी।
लाल ने कहा, "यह केवल शुरुआत है, हम स्थानीय टीवी चैनल्स पर भी यह शुरुआत करेंगे, इससे शहरवासी सचेत होंगे और अपराधियों के जल्द पकड़े जाने की सम्भावना बढ़ेगी।" उन्होंने बताया कि इस शुरुआत के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे चलकर पुलिस रेडियो के जरिए यातायात मार्ग में बदलाव, ट्रैफिक जाम और सड़कों की मरम्मत की भी जानकारी देगी।
चण्डीगढ़ पुलिस फेसबुक पर अपना एक प्रोफाइल तैयार कर रही है। शहरवासियों के साथ सम्पर्क में रहने और संवेदनशील मुद्दों पर उनके साथ विचारों के आदान-प्रदान के लिए वह ऐसा कर रही है।
लाल ने कहा, "हमारा उद्देश्य शहरवासियों और पुलिस के बीच सम्पर्क की कमी को दूर करना है। लोग फेसबुक पर अपनी परेशानियां लिख सकते हैं और पुलिस को सुझाव दे सकते हैं।"
उन्होंने बताया कि फेसबुक पर बताई जाने वाली परेशानियों के समाधान और लोगों के सवालों के जवाब के लिए विशेष अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications