हरिद्वार में सड़क हादसों में 3 की मौत
हरिद्वार, 30 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड में हरिद्वार जनपद के श्यामपुर थाना अंतर्गत हरिद्वार-बिजनौरमार्ग पर मोटरसाइकिल और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। इसी जनपद के गंगनहर कोतवाली इलाके में ऐसा ही एक और हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
श्यामपुर के थानाध्यक्ष श्यामपुर प्रदीप चौहान ने बताया कि रविवार को हरिद्वार की ओर से बिजनौर जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को श्यामपुर के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान चम्बा, टिहरी गढ़वाल निवासी सुरेश पुत्र रमेश निवासी और नरेश पुत्र प्रेमलाल के रूप में हुई है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरा हादसा गंगनहर कोतवाली इलाके में हुआ, जहां ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी जसवीर पुंडीर ने बताया कि रविवार को रामनगर चौक की ओर से गणेशपुर की ओर जा रहे रुड़की निवासी मोटरसाइकिल सवार कनक शर्मा (23) पॉलीटेक्निक के पास एक बुग्गी को ओवरटेक कर रहा था। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसका हैलमेट टूट गया और सिर से रक्त बहने लगा।
उन्होंने बताया कि घायल कनक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शरीर से रक्त अधिक मात्रा में निकल जाने के कारण उसकी मौत हो गई। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications