मौलवी पर टिप्पणी करने पर छात्र गिरफ्तार
कराची, 30 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में मौलवी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर एक स्कूली छात्र को गिरफ्तार किया गया है। छात्र पर ईश निंदा का आरोप लगाया गया है।
समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के मुताबिक शहरा ए नूर जहां पुलिस स्टेशन में 12वीं के छात्र मोहम्मद समीउल्लाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
समाचार पत्र के अनुसार 12वीं बोर्ड के मुख्य नियंत्रक की शिकायत पर उसे 28 जनवरी 2011 को गिरफ्तार किया गया। नियंत्रक ने छात्र पर अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में मौलवी मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।
पुलिस के मुताबिक समीउल्लाह ने अपनी तीन उत्तर पुस्तिकाओं में मौलवी के खिलाफ टिप्पणी कर देश के ईश निंदा कानून का उल्लंघन किया।
पुलिस अधीक्षक जफर इकबाल ने बताया कि 12वीं बोर्ड के मुख्य नियंत्रक की शिकायत पर गिरफ्तारी की गई और पुलिस ने उसे हिरासत में लेने से पहले उसकी सभी उत्तर पुस्तिकाओं को अपने कब्जे में ले लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications