लिंगदोह सहित सैकड़ों का भ्रष्टाचार के खिलाफ जुलूस
जुलूस में शामिल लोगों ने हैदराबाद में हुसैन सागर झील के किनारे बने नेकलेस रोड पर मार्च किया। लिंगदोह के नेतृत्व में यूथ फॉर बेटर इंडिया के कार्यकर्ता "ब्रिंग द लोकपाल बिल" (लोकपाल विधेयक पेश लाओ) जैसे नारे लिखे बैनर और तख्तियां हाथ में लिए हुए थे।
नौकरशाही से राजनीति में आए जयप्रकाश नारायण, चिकित्सक के.एस.रत्नाकर और तेलुगू फिल्मों के निर्देशक राजा मौली जुलूस में शामिल प्रमुख लोगों में से थे।
जुलूस में शामिल कार्यकर्ता एक विशेष टी.शर्ट पहने हुए थे, जिस पर लिखा हुआ था "इंडिया स्टैंड्स अगेंस्ट करप्शन" (भारत भ्रष्टाचार के खिलाफ उठ खड़ा हुआ है)। एक अन्य बैनर पर लिखा हुआ था "इट इज योर मनी" (यह आपका धन है)।
दो किलोमीटर का यह मार्च कई सारे सामाजिक संगठनों द्वारा तैयार किए गए लोकपाल विधेयक के समर्थन में आयोजित किया गया था। यह विधेयक कई सारी मौजूदा खर्चीली भ्रष्टाचार निरोधी एजेंसियों के स्थान पर एक ऐसी स्वायत्तशासी सर्वोच्च संस्था बनाने की व्यवस्था देता है जिसके पास राजनीतिज्ञों, नौकरशाहों और न्यायाधीशों के खिलाफ जांच करने और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का अधिकार होगा।
जुलूस में शामिल लोगों में योग गुरु बाबा रामदेव के अनुयायी और कई गैर सरकारी संगठनों के कार्यकर्ता शामिल थे। विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी हाथों में राष्ट्र ध्वज व अपने-अपने संस्थानों से सम्बंधित रंगबिरंगे झंडे लिए हुए दिखाई दे रहे थे।
मार्च के आयोजकों ने कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा तैयार किए गए लोकपाल विधेयक को कानून में परिवर्तित किया जाना चाहिए।
राजा मौली ने कहा, "मंत्रियों को लोकपाल के दायरे में लाया जाना चाहिए। लोकपाल नामक संस्था के पास भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों सहित सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाने और उन्हें दंडित करने का अधिकार होना चाहिए।"
लोक सत्ता के श्रीनिवास राव ने कहा कि हाल में सामने आए 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले और बड़े पैमाने पर विदेशी बैंकों में जमा काले धन जैसे भ्रष्टाचार के खुलासों ने जनता का गुस्सा बढ़ा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications