यौन कदाचार बर्दाश्त नहीं : विदेश सचिव
नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। कुछ भारतीय राजनयिकों के हालिया आचरण को देश के लिए शर्मिदगी बताते हुए विदेश सचिव निरूपमा राव ने ऐसा आचरण करने वालों को चेतावनी दी कि यौन कदाचार एवं घरेलू हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राव ने मिशन प्रमुखों को लिखे पत्र में कहा, "मंत्रालय यौन कदाचार एवं घरेलू हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगा तथा दोषी अधिकारियों को कड़ी सजा दी जाएगी।"
अपने पत्र में उन्होंने कहा, "यौन कदाचार एवं घरेलू हिंसा की यदि कोई वारदात होगी तो सम्बंधित अधिकारी और उनके सहयोगियों को तुरंत स्वदेश लौटने के लिए विवश किया जाएगा।"
गौरतलब है कि मंत्रालय ने यौन कदाचार एवं घरेलू हिंसा का आरोप लगने पर दो भारतीय राजनयिकों अनिल वर्मा और आलोक रंजन झा के खिलाफ फौरी कार्रवाई करते हुए उन्हें क्रमश: ब्रिटेन तथा न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से वापस बुला लिया है।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित वर्मा को उनकी पत्नी पारोमिता द्वारा घरेलू हिंसा का आरोपी ठहराए जाने के बाद वापस बुला लिया गया। बाद में वर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी तथा ससुराल वालों ने उन्हें उत्पीड़ित किया।
इसी तरह न्यूयॉर्क में भारतीय मिशन में बतौर राजदूत पदस्थापित झा पर न्यूयॉर्क जा रहे विमान में एक महिला यात्री के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगने के बाद उन्हें वापस बुला लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications