मंत्री के भतीजे पर बलात्कार पीड़िता को धमकाने का आरोप
इलाहाबाद के हंडिया इलाका के निवासी बसंतलाल ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि स्थानीय किशोर रामू (बदला हुआ नाम) ने 19 जनवरी को उनकी 17 वर्षीय पुत्री को अगवा किया और फिर सूरत ले जाकर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
पिता का आरोप है कि आरोपी रामू क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राकेश धर के भतीजे सुनील मिश्रा का करीबी है। बसंतलाल ने कहा, "सुनील ने 23 जनवरी को अपने घर बुलाकर मुझ्झे लड़की को वापस ले जाने को कहा। इस दौरान उन्होंने मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया तथा पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।"
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि सुनील ने पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाया। पुलिस सुनील के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, क्योंकि वह मंत्री के भतीजा हैं।
बाद में पीड़िता के पिता की शिकायत पर 23 जनवरी को पुलिस ने मुख्य आरोपी रामू को गिरफ्तार कर लिया। हंडिया के थाना प्रभारी बी.एल.रावत ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार रामू मामले का मुख्य आरोपी है, जबकि अन्य दो के नाम पीड़िता नहीं बता पाई। रामू को गिरफ्तार कर बाल कारागार भेज दिया गया है।
उधर, राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) बृजलाल ने शुक्रवार देर शाम लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि मंत्री राकेश धर को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications