कांग्रेस नेता ने कहा, येदियुरप्पा को जेल में होना चाहिए
पणजी, 29 जनवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कर्नाटक प्रभारी सचिव शांताराम नाइक ने भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की गिरफ्तारी की मांग की है।
30 जनवरी को कर्नाटक में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली में भाग लेने के लिए यहां से रवाना होने से पहले नाइक ने संवाददाताओं से कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री गले तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं।
गोवा से राज्यसभा सदस्य नाइक ने कहा, "अब देखना यह है भ्रष्टाचार के मामले में येदियुरप्पा की गिरफ्तारी कब होती है। उन पर लगे आरोप राजनीतिक नहीं हैं, बल्कि कर्नाटक के जवाबदेह नागरिकों ने उन पर ये आरोप लगाए हैं।"
नाइक ने कहा, "यदि सक्षम अदालत आपराधिक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें एक साथ नहीं, बारी-बारी से सजा सुनाए तो उन्हें 40 साल तक जेल में रहना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री को उनके किए की सजा निश्चत रूप से मिलेगी।"
नाइक ने कहा कि कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी होने के नाते वह बेंगलुरू में रविवार को येदियुरप्पा सरकार के खिलाफ होने वाली रैली में हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications