पाकिस्तान में हिंदू विधायक ने दिया इस्तीफा
दुन्या टीवी ने शनिवार को दी खबर में बताया है कि 2008 के आम चुनाव में राम सिंह सोधो पाकिस्तान मुस्लिम लीग-फंक्शनल (पीएमएल-एफ) के टिकट पर अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित सीट से सिंध विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।
बताया गया है कि जान को खतरा की धमकियां मिलने पर सोधो भारत आ गए और वहां से उन्होंने सिंध विधानसभा अध्यक्ष निसार अहमद खोरो को अपना इस्तीफा भेज दिया। उनका इस्तीफा तुरंत प्रभाव से मंजूर कर लिया गया है।
गौरतलब है कि पीएमएल-एफ सिंध में सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) का सहयोगी दल है।
प्रांत की राजधानी कराची तथा हिंदू समुदाय बहुल अन्य भीतरी इलाकों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति काफी बिगड़ गई है। इस समुदाय के लोग अब वहां से पलायन करने लगे हैं।
खबर में बताया गया है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान फिरौती के लिए हिंदू बच्चों के अपहरण की घटनाएं बढ़ गई हैं। इन वारदातों ने कई परिवारों को घर छोड़ने और भारत या अन्य देशों में चले जाने के लिए विवश कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications