रणनीतिक वार्ता के संदर्भ में मेनन ने क्लिंटन से मुलाकात की
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित रणनीतिक संवाद की तैयारी के सिलसिले में गुरुवार को रात्रि भोज पर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से यहां मुलाकात की।
मेनन, राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे के दौरान शुरू की गई पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने और अप्रैल में नई दिल्ली में होने वाली भारत-अमेरिका रणनीतिक संवाद के लिए जमीन तैयार करने के सिलसिले में इन दिनों वाशिंगटन में हैं।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा की सह अध्यक्षता में होने वाली रणनीतिक वार्ता में अमेरिकी दल का नेतृत्व हिलेरी क्लिंटन करेंगी।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप जे. क्राउले ने गुरुवार को संवाददताओं को बताया, "हमारा अमेरिका-भारत रणनीतिक संवाद, अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए हमारे मजबूत समर्थन पर आधारित है।"
क्राउले ने कहा, "मेनन राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे के दौरान शुरू की गई पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने और नई दिल्ली में होने जा रहे रणनीतिक संवाद की तैयारी में हमारे द्विपक्षीय सम्बंधों में विकास के बारे में चर्चा करने के लिए यहां आए हुए हैं।"
क्राउले ने कहा कि मेनन राजनीतिक मामलों के विदेश उप मंत्री बिल बर्न्स से शुक्रवार को मुलाकात करेंगे। मेनन, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टॉम डोनिलॉन द्वारा व्हाइट हाउस में आयोजित कई सारी बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।
क्लिंटन ने कहा है कि वह एक सुरक्षित और स्थिर दुनिया को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी हासिल करने के दोनों देशों के प्रयासों में गति लाने हेतु अप्रैल में अपने प्रस्तावित भारत दौरे का इंतजार कर रही हैं।
भारत के 62वें गणतंत्र दिवस पर बुधवार को अपने बधाई संदेश में क्लिंटन ने कहा था, "हमारे लोग और हमारी सरकारें सुरक्षित व स्थिर दुनिया को बढ़ावा देने के लिए, और आर्थिक विकास, खुली सरकार, व लोकतांत्रिक मूल्यों पर व्यापक सहयोग को समर्थन देने के लिए एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी हासिल कर रही हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications