भारत चाहे तो खरीद सकता है एफ-35 लड़ाकू विमान : अमेरिका
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका भारत को ज्वाइंट स्ट्राइक फाइटर (जेएसएफ) परियोजना में हिस्सा लेने और पांचवी पीढ़ी के स्टील्थ श्रेणी के एफ-35 लाइटनिंग 2 लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद की अनुमति दे सकता है।
पेंटागन के अधिग्रहण प्रमुख एस्टन कार्टर ने बुधवार को कहा, "हमारी तरफ से कोई दिक्कत नहीं है, ऐसी कोई बात नहीं है जिससे हम जेएसएफ में भारत को हिस्सेदारी से रोकें। फिलहाल वह चौथी पीढ़ी के उन्नत विमान बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि एफ-35 विमान खरीदने का निर्णय भारत का अपना होगा। भारत के मध्यम बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान (एमएमआरसीए) परियोजना पर जारी एक रिपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया के दौरान उन्होंने यह बात कही।
इसके बाद पेंटागन के प्रवक्ता चेरिल इर्विन ने डिफेंसन्यूज डॉट कॉम से ईमेल के जरिए कहा, "यदि किसी समय भारत जेएसएफ खरीदने में रुचि दिखाता है तो हम उस समय भारत से खुले और पारदर्शी तरीके से जुड़ेंगे।" 'लेकिन भारत सरकार को ही यह तय करना होगा कि उसे यह विमान चाहिए।'
कार्टर ने कहा कि भारत 126 लड़ाकू विमानों के सौदे कर रहा है और इनकी कीमत 10 अरब डॉलर से ज्यादा है। इस सौदे के लिए लॉकहीड मार्टिन, बोइंग, यूरोफाइटर और डेसाल्ट रफेल प्रतिस्पर्धी हैं।
उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि अन्य प्रतिस्पर्धियों की तुलना में एफ ए-18 और एफ-16 सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी पर आधारित हैं।"
कार्टर ने कहा कि भारत के निर्णय में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और औद्योगिक हिस्सेदारी के मुद्दों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications