अमेठी में स्थापित होगा इस्पात संयंत्र : वर्मा
लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि सरकार एक जापानी कम्पनी के साथ मिलकर अमेठी के जगदीशपुर में इस्पात संयंत्र स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र में गुणवत्ता युक्त इस्पात का उत्पादन किया जाएगा।
इस्पात मंत्री ने कहा कि जगदीशपुर में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के पास पर्याप्त जमीन है। जल्द संयंत्र स्थापित करने के लिए सर्वेक्षण का काम शुरू होगा।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में प्रस्तावित यह संयंत्र उसी जमीन पर स्थापित होगा जहां पर मालविका इस्पात फैक्टरी थी। इसे बाद में सेल ने अधिग्रहीत कर लिया।
वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश औद्योगिकीकरण में काफी पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मायावती उत्तर प्रदेश में जमीन उपलब्ध कराएं तो सरकार राज्य में छोटे-छोटे संयंत्र स्थापित करेगी।
कैबिनेट मंत्री न बनाए जाने के सवाल पर वर्मा ने कहा, "कैबिनेट मंत्री न बनाए जाने से तकलीफ जरूर हुई, लेकिन पार्टी आलाकमान से आश्वासन मिला है..।" इस दौरान उन्होंने कहा कि इस्पात मंत्रालय अहम और बड़ा मंत्रालय है।
एक समय समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के भरोसेमंद साथी रहे वर्मा ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा का प्रदेश से नामोनिशान मिट जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications